MP Cabinet Decisions: मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में आज 8 जुलाई को हुई कैबिनेट बैठक में मध्य प्रदेश के विकास, छात्रों, खिलाड़ियों और किसानों के हित में कई ऐतिहासिक और बड़े फैसलों पर मुहर लगाई गई है। सरकार ने स्वामित्व योजना के तहत पट्टा रजिस्ट्री पर लगने वाले सेस की राशि खुद भरने का बड़ा निर्णय लिया है, जिससे आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी। इसके साथ ही शिक्षा और रोजगार को लेकर भी कैबिनेट में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है।
टॉपर छात्रों को तोहफा
प्रदेश सरकार ने 12वीं कक्षा में प्रथम श्रेणी हासिल करने वाले छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने वाली फ्री स्कूटी योजना को अगले 5 वर्षों के लिए बढ़ा दिया है। योजना के तहत पेट्रोल स्कूटी खरीदने के लिए छात्रों को 90,000 रुपये और ई-स्कूटी के लिए 1,20,000 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी। इस महत्वाकांक्षी योजना पर सरकार हर साल करीब 495 करोड़ रुपये खर्च करेगी। अब तक राज्य के लगभग 23 हजार विद्यार्थी इसका लाभ उठा चुके हैं।
अनाज बर्बादी रोकने ई-ऑक्शन नीति
कैबिनेट ने किसानों से खरीदे गए उस अनाज के सही निस्तारण के लिए नई नीति बनाई है, जो केंद्र सरकार के निर्धारित कोटे से बच जाता है। बचे हुए अनाज को अब खुले बाजार में ई-ऑक्शन के जरिए बेचा जाएगा। इसके लिए एक राज्य स्तरीय हाई-पावर कमेटी बनेगी, जो अनाज की मात्रा और न्यूनतम दर तय करेगी। इस फैसले से सरकार को अनाज के लंबे समय तक रखरखाव और भंडारण पर होने वाले फिजूल खर्च से मुक्ति मिलेगी और अनाज खराब भी नहीं होगा।
अन्य महत्वपूर्ण फैसले
शिवपुरी अडानी एयरोस्पेस: सीएम द्वारा 25 करोड़ की लागत से भूमि पूजन किया गया था। क्षेत्र में 10,000 से अधिक लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
गुजरात जल समझौता: सरदार सरोवर जल समझौते के तहत एमपी सरकार गुजरात को 217 करोड़ रुपये देगी। गुजरात का हिस्सा पहले 50% था, जिसे अब बढ़ाकर 75% कर दिया गया है।
हॉकी एशिया विजेताओं को इनाम: जापान में आयोजित हॉकी एशिया में कमाल करने वाले खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार दिया जाएगा। 6 स्वर्ण पदक विजेताओं को 3-3 लाख रुपये और 4 कांस्य पदक विजेताओं को 1-1 लाख रुपये दिए जाएंगे।
ज्ञान भारतम् योजना में प्रदेश नंबर वन
केंद्र सरकार की प्रतिष्ठित ज्ञान भारतम् योजना में मध्य प्रदेश ने देश भर में पहला स्थान हासिल किया है। इस योजना के तहत राज्य से रिकॉर्ड 34 लाख रजिस्ट्रेशन दर्ज किए गए हैं। इस कड़ी में टीकमगढ़ से प्राप्त हुआ 10 फीट लंबा ऐतिहासिक जंबू द्वीप का नक्शा और बुरहानपुर से मिली 20 वर्ष पुरानी हस्तलिखित पांडुलिपि का चयन विशेष रूप से इस राष्ट्रीय योजना के लिए किया गया है।
.png)